बदलेगा इतिहास जरूर
"बदलेगा इतिहास जरूर"
---------------------------------------
जब तक तन में साँसे हैं,
राहें,नित तलाश करो,
बदलेगा इतिहास जरूर,
तुम बदलने का तो प्रयास करो।
कर्म से जो भी भागा है,
भाग्य कब उनका जागा है?
अम्बर छुआ वही है अब तक
आलस जिसने त्यागा है;
मिलेगा तुमको भी मोती,
गहरे सागर में तो तलाश करो,
बदलेगा इतिहास जरूर,
तुम बदलने का तो प्रयास करो।।
निष्कर्मी संसार में
आखिर कब फल पाया है?
पुरुषार्थी मानव ही
जग में नाम कमाया है;
समझो ना कमजोर स्वयं को
स्व-भुज पर विश्वास करो,
बदलेगा इतिहास जरूर,
तुम बदलने का तो प्रयास करो।
धूप-छाँव का खेल है जीवन,
यूँ ही ना तुम मुँह मोड़ो,
पर्वत भी बौना साबित होगा,
चट्टानों की बातें छोड़ो;
रहो बढ़ाते कदम निरंतर,
मन यूँ ही ना तुम उदास करो,
बदलेगा इतिहास जरूर,
तुम बदलने का तो प्रयास करो।।
राम कुमार चन्द्रवंशी
बेलरगोंदी (छुरिया)
जिला-राजनांदगाँव (छ.ग.)
9179798316
Comments
Post a Comment